बाराबंकी में बारिश और तेज हवाओं का कहर, कई जगह पेड़ गिरे, बिजली आपूर्ति प्रभावित

बाराबंकी: जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। विभिन्न तहसील क्षेत्रों में कई स्थानों पर भारी-भरकम पेड़ गिरने से सड़क मार्ग बाधित हुए और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश के कारण जमीन की ऊपरी सतह कमजोर होने से पेड़ों की जड़ें ढीली पड़ गई हैं। तेज हवा के झोंके आते ही कमजोर पेड़ धराशायी हो रहे हैं।

रामनगर तहसील क्षेत्र में भी कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। रामनगर स्थित यूनियन इंटर कॉलेज के सामने विशाल पेड़ गिरने से सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ। गणेशपुर में तालाब के किनारे लगा आम का बड़ा पेड़ बारिश और हवा के कारण मकान की छत पर जा गिरा। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य सुरक्षित थे और कोई जनहानि नहीं हुई।

Also Read: रायबरेली में रील के चक्कर में रियल लाइफ दांव पर! शारदा नहर के तेज बहाव में कूद रहे स्टंटबाज, वीडियो वायरल

आदर्श नगर पंचायत रामनगर क्षेत्र में भगवान देई पाटन शाह स्कूल के सामने रामनगर-सहादतगंज मार्ग के पास भारी-भरकम शीशम का पेड़ दुकानों की ओर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से विद्युत पोल भी टूट गया। सूचना मिलने पर नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची और वन विभाग को जानकारी दी। पेड़ को काटकर सड़क से हटाए जाने के बाद यातायात सुचारु हो सका।

Also Read: रायबरेली में ‘मौत का देशी वाटर पार्क’! सोशल मीडिया पर रील चमकाने के चक्कर में जान दांव पर लगा रहे लोग

बारिश और हवा का असर जिले के अन्य तहसील क्षेत्रों में भी देखने को मिला। कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां और पेड़ गिरने से बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हुए और तार नीचे आ गए। सुरक्षा के मद्देनजर कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। रामनगर क्षेत्र में लोधेश्वर महादेव धाम और गणेशपुर फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं को भी बिजली संकट का सामना करना पड़ा।

प्रशासन और स्थानीय निकायों की टीमें प्रभावित स्थानों पर पहुंचकर सड़क से पेड़ हटाने और यातायात बहाल करने में जुटी रहीं। लगातार बारिश के बीच लोगों से सावधानी बरतने और कमजोर अथवा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)