UP: रिहायशी इलाके में पंखे के गोदाम में भीषण आग, दीवारों में पड़ी दरारें, करोड़ों का माल स्वाहा

वाराणसी: मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के मडौली तिराहे के पास सोमवार तड़के रिहायशी इलाके में संचालित पंखे के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि गोदाम की दीवारों में दरारें पड़ गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के मकानों में रह रहे लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराया गया।

जानकारी के अनुसार, मडौली तिराहे के समीप रवी फैन नाम से गोदाम संचालित होता है। सोमवार सुबह करीब चार बजे गोदाम की सुरक्षा में तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने आग लगी देखकर मैनेजर अनादि शंकर गुप्ता को फोन पर सूचना दी। मैनेजर ने तत्काल गोदाम मालिक रवि को जानकारी दी। इसके साथ ही पुलिस और फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई।

ALSO READ: Mirzapur: चक्रवाती तूफ़ान और बारिश का कहर, सोते समय पक्के मकान की छत का एक हिस्सा ढहा, दब कर 5 लोग हुए घायल

कुछ ही देर में दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। आग की भयावहता के बीच गोदाम की दीवार में दरार पड़ने से आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने एहतियातन आसपास के मकानों को खाली कराया और लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

ALSO READ: Amethi में 16 साल पुराने हत्याकांड में दो सगे भाइयों को उम्रकैद, 1.54 लाख का जुर्माना

मैनेजर के मुताबिक, गोदाम में नवनिर्मित पंखों के साथ ही पंखे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री रखी थी। इसके अलावा अंदर केमिकल और थिनर से भरे ड्रम भी मौजूद थे। गोदाम में रखे सामान की जानकारी फायर ब्रिगेड की टीम को दी गई, जिसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास का इलाका खाली कराया गया।

बताया गया कि सुबह करीब चार बजे से ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। हालांकि, आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, सूचना मिलते ही दमकल की टीमों को मौके पर भेज दिया गया था। आग बुझने के बाद ही इसके कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)