Varanasi: भूमि अधिग्रहण और टोल वसूली के विरोध में किसानों का प्रदर्शन, आत्मदाह की कोशिश के बाद कई हिरासत में

Varanasi: वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर भूमि अधिग्रहण और टोल वसूली के विरोध में बुधवार को किसानों ने प्रदर्शन किया। किसानों के प्रस्तावित आंदोलन को देखते हुए ढेरही टोल प्लाजा के आसपास भारी पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात किए गए थे। पुलिस ने कई किसान नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को उनके घरों पर ही नजरबंद कर दिया। इसके बावजूद किसान नेता टोल प्लाजा की ओर बढ़ने लगे।

जानिए क्या है पूरा मामला?

दोपहर में किसान नेता और यूनियन अध्यक्ष अजीत सिंह अपने समर्थकों के साथ पुलिस को चकमा देकर टोल प्लाजा के पास पहुंच गए। पुलिस के अनुसार, उनके हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल थी। उन्होंने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर लाइटर से आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिस ने तत्काल उन्हें पकड़ लिया और हिरासत में ले लिया। उनके साथ मौजूद कुछ अन्य किसान नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। किसान नेता अजीत सिंह का आरोप है कि एनएचएआई ने सड़क निर्माण के लिए किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया, लेकिन कई किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिला। उनका यह भी कहना है कि करीब 17 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में टोल वसूली करना उचित नहीं है। किसानों ने भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों के समाधान और टोल वसूली रोकने की मांग उठाई है।

ALSO READ: Saharanpur: संभल मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर बोले कारी अबरार, साध्वी प्राची के बयान पर भी साधा निशाना

प्रदर्शन की सूचना के बाद प्रशासन ने टोल प्लाजा के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी थी। पुलिस और पीएसी के जवानों को तैनात करने के साथ ही क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई। इससे पहले किसानों और अधिकारियों के बीच मांगों को लेकर बैठक भी हुई, लेकिन किसी मुद्दे पर सहमति नहीं बन सकी। डीसीपी राजेश पांडे ने बताया कि एनएचएआई की ओर से किसानों के मासिक पास पर 50 प्रतिशत तक की छूट दी गई है। किसानों की अन्य मांगों को लेकर भी अधिकारियों की बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। डीसीपी ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शन के दौरान यातायात बाधित करने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और टोल प्लाजा क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)