UP: लखनऊ में गोमती नदी का बढ़ता जलस्तर अब शहर के लिए चिंता का कारण बनता जा रहा है। पिछले कई दिनों से निचले इलाकों में जमा नदी का पानी अब गोमतीनगर तक पहुंच गया है। प्लासियो मॉल और इकाना स्टेडियम के आसपास की सड़कों पर जलभराव हो गया है। हालात को देखते हुए इकाना स्टेडियम में आयोजित होने वाला वीनू मांकड़ टूर्नामेंट दूसरी जगह शिफ्ट करना पड़ा है।
प्लासियो और इकाना के आसपास बढ़ा जलभराव
गोमती नदी का पानी करीब आठ दिनों से फैजुल्लागंज और बक्शी का तालाब क्षेत्र में जमा है। अब यह धीरे-धीरे शहर के अन्य हिस्सों की ओर बढ़ रहा है। प्लासियो मॉल और इकाना स्टेडियम के सामने पुलिस हेडक्वार्टर व 112 मुख्यालय के आसपास भी पानी पहुंच गया है। पानी के फैलाव को रोकने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण की टीम संवेदनशील स्थानों पर बोल्डर और मिट्टी से अस्थायी अवरोध तैयार कर रही है।
सामान्य स्तर से 2.44 मीटर ऊपर पहुंचा पानी
गोमती नदी का जलस्तर लखनऊ में सामान्य स्थिति से करीब 2.44 मीटर यानी लगभग आठ फीट अधिक दर्ज किया गया है। नदी का पानी 108.14 मीटर तक पहुंच चुका है। अधिकारियों के अनुसार सितंबर के अंतिम दिनों में हुई तेज बारिश के साथ शाहजहांपुर और सीतापुर की ओर से आया अतिरिक्त पानी भी जलस्तर बढ़ने की प्रमुख वजह है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
तराई में बारिश का असर लखनऊ तक
24 से 27 सितंबर के बीच तराई क्षेत्र में हुई भारी बारिश के बाद नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा। 26 सितंबर को लखीमपुर खीरी में 342 मिलीमीटर और सीतापुर में 273 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी। लगातार बारिश के चलते नदियों में बढ़े पानी का असर अब लखनऊ में दिखाई दे रहा है। फैजुल्लागंज और बक्शी का तालाब के बाद शहर के अन्य हिस्से भी इसकी चपेट में आ रहे हैं।
Also Read: बुंदेलखंड में फिर बढ़ा बाढ़ का खतरा! केन-यमुना उफान पर, चिल्ला घाट पर भी बढ़ा जलस्तर
फिलहाल यातायात जारी, बढ़ा तो लग सकती है रोक
प्लासियो मॉल के सामने स्थित IIIT कैंपस के आसपास भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। वहीं, प्रशासन की ओर से प्रमुख सड़कों और महत्वपूर्ण संस्थानों तक पानी पहुंचने से रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। ACP ट्रैफिक राधा रमन सिंह के मुताबिक प्रभावित क्षेत्रों में फिलहाल यातायात सामान्य रूप से चल रहा है। हालांकि, जलस्तर में और बढ़ोतरी होने पर परिस्थितियों के अनुसार ट्रैफिक को रोकने या डायवर्ट करने का फैसला लिया जा सकता है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














