पूर्वांचल की राजनीति, अपराध और सत्ता संघर्ष पर आधारित चर्चित वेब सीरीज ‘रक्तांचल’ का तीसरा सीजन 16 जुलाई से एमएक्स प्लेयर बाय प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होने जा रहा है। रिलीज से एक दिन पहले सीरीज के प्रचार के लिए अभिनेता क्रांति प्रकाश झा, निकितिन धीर और निर्देशक रितम श्रीवास्तव बुधवार को वाराणसी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत कर तीसरे सीजन की कहानी, किरदारों और शूटिंग से जुड़े कई पहलुओं को साझा किया।अभिनेता निकितिन धीर ने कहा कि वाराणसी इस वेब सीरीज की आत्मा है। उनके अनुसार, बनारस के बिना ‘रक्तांचल’ की कहानी अधूरी है, क्योंकि यहीं का माहौल और संस्कृति सीरीज को वास्तविकता के करीब ले जाती है।
मुख्य अभिनेता क्रांति प्रकाश झा ने कहा कि ‘रक्तांचल’ सिर्फ अपराध या गैंगवार की कहानी नहीं है, बल्कि यह सत्ता, राजनीति, वर्चस्व और विश्वासघात की बदलती तस्वीर को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि तीसरे सीजन में राजनीतिक समीकरण पहले से अधिक जटिल होंगे और दर्शकों को कई ऐसे मोड़ देखने को मिलेंगे, जिनकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी। इस बार कहानी में रोमांच, सस्पेंस और एक्शन का स्तर भी पहले से ज्यादा होगा।
उन्होंने बताया कि तीसरे सीजन की कहानी पहले सीजन से करीब 15 से 20 वर्ष आगे बढ़ चुकी है। समय के साथ किरदारों की सोच और परिस्थितियां भी बदल गई हैं। क्रांति प्रकाश झा ने कहा कि इस बार पारंपरिक प्रेम कहानी नहीं दिखाई गई है, बल्कि विजय सिंह और वसीम खान के बीच की दुश्मनी और सत्ता की लड़ाई ही कहानी का सबसे बड़ा आकर्षण होगी।
निर्देशक रितम श्रीवास्तव ने बताया कि तीसरे सीजन की अधिकांश शूटिंग वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में की गई है। उन्होंने कहा कि पिछले सात वर्षों में सीरीज के तीनों सीजन की शूटिंग बनारस की कई प्रमुख लोकेशन पर हुई है। इसके अलावा मिर्जापुर और चुनार किले में भी कई महत्वपूर्ण दृश्य फिल्माए गए हैं। हालांकि कहानी में गाजीपुर और जौनपुर का उल्लेख है, लेकिन उन स्थानों की जरूरत के अनुसार वाराणसी में ही उपयुक्त लोकेशन मिल गईं।कलाकारों ने उम्मीद जताई कि ‘रक्तांचल-3’ को दर्शकों का भरपूर प्यार मिलेगा। उनका कहना था कि यह सीजन पहले दोनों सीजन की कहानी को आगे बढ़ाते हुए और अधिक दमदार अंदाज में दर्शकों के सामने आएगा।
















































