जौनपुर में सेवा संकल्प अभियान में पहुंचे ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, अखिलेश यादव की PDA यात्रा पर भी साधा निशाना

जौनपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर जौनपुर में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। शाहगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा पहुंचे। उन्होंने रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया और अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर सेवा भाव का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सेवा संकल्प अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण के विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए मनाया जा रहा है। इस अभियान के तहत लोगों की सेवा और जरूरतमंदों की मदद को प्राथमिकता दी जा रही है।

Also Read: UP: चंदौली में बाढ़-जलभराव से हाहाकार, 50 बीघा धान की फसल डूबी, कच्चे मकान भी गिरे

इस मौके पर शाहगंज के विधायक रमेश सिंह व बीजेपी के वरिष्ठ नेता बेचन सिंह ने ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भी ऊर्जा मंत्री का स्वागत किया।

वहीं मीडिया से बातचीत के दौरान ऊर्जा मंत्री से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की PDA यात्रा को लेकर सवाल किया गया। इस पर एके शर्मा ने कहा कि अखिलेश यादव जनता का विश्वास खो चुके हैं, चाहे वह पैदल चलें या गाड़ी से चलें।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)