रायबरेली: शहर के फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज के मुख्य द्वार पर गुरुवार को सदस्यता अभियान को लेकर राजनीतिक सरगर्मी के बीच माहौल अचानक गरमा गया। समाजवादी छात्रसभा और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि हाथापाई और धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। घटना के बाद कॉलेज परिसर के बाहर अफरा-तफरी मच गई और भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
पोस्टर फाड़ने से भड़का विवाद
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, फिरोज गांधी कॉलेज के बाहर समाजवादी छात्रसभा द्वारा सदस्यता अभियान चलाया जा रहा था और इसके लिए बकायदा एक काउंटर लगाया गया था। आरोप है कि इसकी सूचना मिलते ही एबीवीपी कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और काउंटर लगाने का विरोध करने लगे। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने सपा छात्रसभा के सदस्यों पर अभद्रता का आरोप लगाया। विवाद बढ़ने पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने सपा का पोस्टर फाड़ दिया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
Also Read: UP: चंदौली में बाढ़-जलभराव से हाहाकार, 50 बीघा धान की फसल डूबी, कच्चे मकान भी गिरे
सड़क पर धरने पर बैठे एबीवीपी कार्यकर्ता, यातायात बाधित
झड़प के बाद आक्रोशित एबीवीपी कार्यकर्ता कॉलेज के मुख्य गेट और सड़क पर धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने सपा छात्रसभा के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। मुख्य मार्ग पर धरने के कारण काफी देर तक आवागमन बाधित रहा और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
Also Read: आजमगढ़ में चोरी की दो वारदातों का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार, पंपिंग सेट-मोटरसाइकिल बरामद
सपा जिलाध्यक्ष और कोतवाल के बीच तीखी बहस
सूचना पाकर पहुंचे शहर कोतवाली प्रभारी शिव शंकर सिंह और सपा के जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र यादव के बीच तीखी बहस हो गई। सपा जिलाध्यक्ष ने पार्टी का पोस्टर फाड़े जाने और कार्यकर्ताओं के साथ हुई झड़प पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
प्रशासनिक अमला मौके पर जमा, स्थिति नियंत्रण में
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीओ आशीष निगम, सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार और एसडीएम सदर गौतम सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसी तरह समझा-बुझाकर धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं को शांत कराया। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात है। मामले की जांच कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



