कायमगंज, फर्रुखाबाद। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम प्रेमनगर में बुधवार सुबह एक 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। युवक का शव घर में चारपाई पर पड़ा मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बेटों को छोड़ गया है, जिनके सिर से कम उम्र में ही पिता का साया उठ गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम प्रेमनगर निवासी ओम शिव कोरी का 22 वर्षीय पुत्र लक्ष्मी नारायण शराब पीने का आदी था। परिजनों ने बताया कि मंगलवार शाम वह अत्यधिक नशे की हालत में घर लौटा था। घर आने के बाद उसने न तो भोजन किया और न ही किसी से बातचीत की। वह सीधे अपने कमरे में गया और चारपाई पर लेट गया।
बुधवार सुबह जब उसकी पत्नी रीता देवी उसे जगाने के लिए कमरे में पहुंची तो वह किसी प्रकार की हरकत नहीं कर रहा था। पत्नी ने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उसके होश उड़ गए। चारपाई पर पति को मृत अवस्था में देखकर वह चीख-पुकार करने लगी। पत्नी की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घर पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
युवक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी रीता देवी और दो छोटे बेटों अर्पित तथा एक वर्षीय अवनीश को छोड़ गया है। मासूम बच्चों और बिलखती पत्नी को देखकर गांव के लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है, जबकि परिवार के लोग इस तरह की किसी भी संभावना से साफ इनकार कर रहे हैं। मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मामले में कायमगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पुलिस को अभी तक घटना के संबंध में कोई लिखित सूचना अथवा तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। यदि परिजनों की ओर से सूचना दी जाती है तो मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल युवक की असमय मौत ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है और हर कोई इस दुखद घटना के पीछे की वास्तविक वजह जानने की चर्चा कर रहा है।












































