पटना: कोचिंग संस्थानों के बीच चल रहे विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। चर्चित शिक्षक खान सर भी इस मामले में कानूनी घेरे में आते नजर आ रहे हैं। पटना के कदमकुआं थाने में उनके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह कार्रवाई पुलिस की ओर से दर्ज किए गए मामले के आधार पर की गई है।
अंगरक्षकों की गिरफ्तारी के बाद बढ़ी मुश्किलें
पुलिस सूत्रों के अनुसार, खान सर के दो अंगरक्षकों की गिरफ्तारी और उनसे हुई पूछताछ के बाद मामले में नए तथ्य सामने आए हैं। इन्हीं तथ्यों के आधार पर खान सर का नाम भी एफआईआर में शामिल किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर तय की जाएगी।
खान सर से हो चुकी है लंबी पूछताछ
इस विवाद को लेकर गुरुवार को पुलिस ने खान सर से कई घंटों तक पूछताछ की थी। जांच एजेंसियां घटना से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाल रही हैं। पुलिस के हाथ कुछ वीडियो फुटेज भी लगे हैं, जिनकी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर खान सर को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
अब तक पांच आरोपी पहुंच चुके हैं जेल
कोचिंग विवाद से जुड़े इस मामले में अब तक कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद समेत तीन अन्य लोग और खान सर के दोनों अंगरक्षक शामिल हैं। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए पटना के बेऊर जेल भेज दिया गया है।
वीडियो और बयानों के आधार पर आगे होगी कार्रवाई
जांच में जुटी पुलिस घटना से जुड़े वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है। गिरफ्तार अंगरक्षकों के हथियार भी जब्त कर लिए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में फायरिंग से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण इनपुट मिले हैं। ऐसे में पुलिस आने वाले दिनों में और लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है।




















































