रायबरेली: रायबरेली जिला अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को जल्द ही एक बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। अस्पताल प्रशासन मरीजों को सही जानकारी समय पर उपलब्ध कराने के लिए पब्लिक अनाउंसमेंट (पीए) सिस्टम शुरू करने की तैयारी में है। इसकी परीक्षण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जल्द ही यह व्यवस्था पूरी तरह से लागू कर दी जाएगी।
लाउडस्पीकर से मिलेगी जरूरी जानकारी
नई व्यवस्था के तहत अस्पताल परिसर के विभिन्न हिस्सों में लाउडस्पीकर लगाए जा रहे हैं। इनके माध्यम से डॉक्टरों के बैठने की जगह, ओपीडी कक्ष, दवा वितरण केंद्र, जांच विभाग और अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं से जुड़ी सूचनाएं लगातार प्रसारित की जाएंगी। इससे मरीजों को जानकारी के लिए कर्मचारियों या अन्य लोगों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
Also Read: कपड़े सुखाने का तार बना काल! रायबरेली में करंट लगने से युवक की दर्दनाक मौत
स्वास्थ्य जागरूकता का भी होगा प्रसार
अस्पताल प्रशासन केवल मार्गदर्शन तक ही इस सिस्टम को सीमित नहीं रखेगा, बल्कि इसके जरिए स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी संदेश भी प्रसारित किए जाएंगे। परिसर की दीवारों पर “दवा, दुआ और सफाई” जैसे संदेश लिखे जा रहे हैं, जबकि लाउडस्पीकरों से मरीजों और तीमारदारों को साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी जाएगी।
ग्रामीण मरीजों की परेशानी होगी दूर
अब तक ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को डॉक्टरों के कक्ष, जांच केंद्र या दवा काउंटर खोजने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कई बार ओपीडी समय का बड़ा हिस्सा केवल जानकारी जुटाने में ही निकल जाता था। नई घोषणा प्रणाली लागू होने के बाद मरीजों का समय बचेगा और उन्हें अस्पताल में बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
Also Read: UP: अमेठी में 20 पंचायत सहायकों पर गिरी गाज, फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर नोटिस जारी
सीएमएस कार्यालय के पास बनेगा नियंत्रण कक्ष
पूरे पीए सिस्टम के संचालन के लिए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) कार्यालय के समीप एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है। यहीं से सभी घोषणाएं संचालित होंगी। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार अस्पताल में मरीजों की सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है और यह नई व्यवस्था मरीजों तथा उनके परिजनों के लिए काफी लाभदायक साबित होगी।


















































