मथुरा में अवैध पनीर फैक्ट्री पर छापा, 900 किलो पनीर जब्त, इकाई सील

मथुरा : खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मिलावटखोरी और अवैध खाद्य उत्पादन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोसीकलां क्षेत्र में एक पनीर निर्माण इकाई पर छापा मारकर भारी मात्रा में पनीर जब्त किया और यूनिट को सील कर दिया।

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ तथा जिलाधिकारी सीपी सिंह के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय धीरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने गोपाल बाग, कोसीकलां स्थित बृजवासी डेयरी का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पनीर निर्माण इकाई पर मालिक अनुपस्थित मिला, जबकि टीम को देखकर कई कर्मचारी मौके से फरार हो गए। मौके पर मौजूद कर्मचारी सुरेश कुमार ने पूछताछ में बताया कि फर्म के मालिक मुबारिक पुत्र अब्दुल्ला निवासी कोसीकलां हैं।

Also Read: योगी सरकार का बड़ा ऐलान, मुख्यमंत्री आवास योजना का बढ़ा दायरा, अब इन जातियों को भी मिलेगा लाभ

जांच में सामने आया कि बिना खाद्य लाइसेंस के अवैध रूप से रिफाइंड सोयाबीन ऑयल और सोयाबीन मिल्क जैसे अपमिश्रकों का उपयोग कर अस्वच्छ परिस्थितियों में पनीर तैयार किया जा रहा था। टीम ने मौके से पनीर के तीन, मिश्रित दूध के दो तथा स्किम्ड मिल्क पाउडर, मिल्क क्रीम, रिफाइंड पामोलीन ऑयल और सोयाबीन दूध के एक-एक नमूने लेकर जांच के लिए भेजे।

कार्रवाई के दौरान लगभग 900 किलोग्राम पनीर जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई जब्त कर लिया गया। फिलहाल इसे कर्मचारी की अभिरक्षा में रखा गया है और मालिक के उपस्थित होने पर इसके विनष्टीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: ‘यूपी में जल्द बनेगा ‘दूसरा नोएडा…’, सीएम योगी ने इस शहर को लेकर कर दिया बड़ा ऐलान

खाद्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित इस पनीर यूनिट को सील कर दिया है और बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने के मामले में वाद दायर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इसके अलावा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेन्द्र सिंह ने श्री बांके बिहारी मंदिर के पास गली नंबर 21 में स्थित गौरव डेयरी और कृष्णा मिष्ठान भंडार से पेड़ा के नमूने भी संग्रहित किए। कुल 11 नमूने खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)