2027 फतह का मंत्र : अभी से चुनावी तैयारी में जुटी भाजपा, पांचाल घाट प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को दिया जीत का संदेश

फर्रुखाबाद : फर्रुखाबाद आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से अपनी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में फर्रुखाबाद के पांचाल घाट स्थित नारायण आश्रम में आयोजित भाजपा का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग शनिवार को संपन्न हो गया। दो दिन तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में 11 अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती, वैचारिक प्रतिबद्धता और चुनावी रणनीति का पाठ पढ़ाया गया।

समापन सत्र में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिला और मंडल कार्यसमितियों के गठन के बाद कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से ऐसे शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और उसके समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुट जाएं।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय चौधरी ने कहा कि मजबूत संगठन की नींव प्रशिक्षित और सक्षम कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की कार्यप्रणाली को बेहतर तरीके से समझने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Also Read : सीएम योगी ने मंत्रियों के साथ बैठक की, अपना काफिला छोटा किया

साहित्य प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक वीरेंद्र तिवारी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने नेतृत्व क्षमता विकसित करने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।

जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यशैली की जानकारी मिलती है और उनमें राष्ट्रसेवा का भाव भी मजबूत होता है। वहीं प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी नरेंद्र राजपूत ने भाजपा को अनुशासित और कैडर आधारित संगठन बताते हुए कहा कि इसकी मजबूती में प्रशिक्षण शिविरों की अहम भूमिका है।

भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण में सीखी गई बातों को जमीन पर उतारने और संगठन विस्तार के साथ समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री गोपाल राठौर ने किया।

इस दौरान मुकेश राजपूत, मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, सुशील शाक्य समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा ने इस प्रशिक्षण वर्ग के जरिए साफ संकेत दे दिया है कि वह 2027 के चुनावी रण के लिए अभी से बूथ स्तर तक अपनी तैयारियों को मजबूत करने में जुट गई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)