सहारनपुर : सहारनपुर के गागलहेड़ी थाना पुलिस ने अपहरण मामले में पीड़िता को सकुशल बरामद कर मुख्य आरोपी अंकुश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले में आवश्यक धाराएं बढ़ाकर आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सहारनपुर थाना गागलहेड़ी पुलिस ने अपहरण के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया है, जबकि नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में राहत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 2 मई 2026 को देहरादून निवासी महिला दीपा पत्नी जितेंद्र ने थाना गागलहेड़ी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी पुत्री को गांव दीनारपुर निवासी अंकुश पुत्र कुलदीप बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी और युवती की बरामदगी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार दबिश और तलाश अभियान चलाया। पुलिस टीम ने 11 मई को पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया।
इसके बाद न्यायालय में दर्ज कराए गए पीड़िता के बयानों के आधार पर मुकदमे में धारा 69 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। वहीं गुरुवार 14 मई को पुलिस ने मुख्य आरोपी अंकुश को हरौड़ा कट के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। थाना गागलहेड़ी पुलिस की इस कार्रवाई की वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।













































