ट्विशा शर्मा केस में बड़ा एक्शन, आरोपी समर्थ सिंह 7 दिन की पुलिस रिमांड पर, पासपोर्ट जब्त होगा

ट्विशा शर्मा केस: भोपाल की ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। आरोपी पति समर्थ सिंह को शनिवार, 23 मई को भोपाल कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस सुरक्षा के बीच उसे कोर्ट के पिछले दरवाजे से पेशी के लिए लाया गया। इससे पहले आरोपी का मेडिकल परीक्षण भोपाल के जेपी अस्पताल में कराया गया।

10 दिन बाद पुलिस गिरफ्त में आया आरोपी

घटना के बाद से फरार चल रहे समर्थ सिंह को आखिरकार जबलपुर पुलिस ने हिरासत में लेकर भोपाल पुलिस को सौंप दिया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जानकारी के अनुसार, आरोपी का पासपोर्ट भी जब्त किया जाएगा ताकि वह देश छोड़कर न जा सके। वहीं, बचाव पक्ष के वकील ने अदालत में कहा कि समर्थ जांच में पूरा सहयोग करने को तैयार है।

Also Read: ‘डेटिंग ऐप पर प्यार, शादी के 5 महीने में मौत…’, ट्विशा हत्याकांड की चौंकाने वाली कहानी

जबलपुर कोर्ट में किया था सरेंडर

समर्थ सिंह शुक्रवार, 22 मई को जबलपुर जिला अदालत में आत्मसमर्पण करने पहुंचा था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी और उस पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसके अलावा, उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी किया गया था। कोर्ट में सरेंडर के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

परिवार ने उठाए जांच पर सवाल

ट्विशा शर्मा के परिजनों ने आरोपी के सरेंडर और पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ट्विशा के जीजा सौरभ शर्मा ने कहा कि जिस व्यक्ति पर इनाम घोषित हो, उसका सीधे कोर्ट पहुंच जाना कई संदेह पैदा करता है। वहीं, चचेरे भाई आशीष शर्मा ने आरोप लगाया कि मामले में कार्रवाई काफी देर से हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोबारा पोस्टमार्टम की अनुमति मिलने के बाद सीबीआई जांच जल्द शुरू हो सकती है।

Also Read: ‘नई प्रेमिका से शादी, पुरानी प्रेमिका की हत्या और फिर शव …’, खौफनाक वेलेंटाइन वीक हत्याकांड!

12 मई को ससुराल में मिली थी ट्विशा की लाश

गौरतलब है कि मॉडल ट्विशा शर्मा 12 मई की रात भोपाल स्थित अपने ससुराल में मृत पाई गई थीं। पुलिस के मुताबिक, उनका शव घर की छत पर रस्सी से लटका मिला था। अगले दिन एम्स भोपाल के फोरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी विभाग में पोस्टमार्टम किया गया, जिसमें फांसी को मौत का कारण बताया गया। हालांकि, परिवार लगातार मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)