फर्रुखाबाद जिला जेल के वरिष्ठ लिपिक प्रेम कुमार श्रीवास्तव का निधन, शोक की लहर

फर्रुखाबाद : फर्रुखाबाद जिला जेल फर्रुखाबाद में पिछले 13 वर्षों से वरिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत प्रेम कुमार श्रीवास्तव (57) का इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही जेल प्रशासन और कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से किडनी और लिवर संबंधी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और उनका उपचार लोहिया अस्पताल में चल रहा था।

जानकारी के अनुसार सुबह अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद जेल प्रशासन की एंबुलेंस से उन्हें तत्काल लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें उच्च संस्थान के लिए रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल से बाहर ले जाने की तैयारी के दौरान ही उन्होंने अंतिम सांस ले ली।

Also Read : स्वयंसेवकों के साथ शाखा में शामिल हुए RSS प्रमुख मोहन भागवत, लखनऊ में तीन दिवसीय दौरे पर

मृतक प्रेम कुमार श्रीवास्तव मूल रूप से बाराबंकी जिले के बंकी थाना क्षेत्र के निवासी थे। वह अपने परिवार में बेहद मिलनसार और जिम्मेदार व्यक्ति माने जाते थे। परिवार में पत्नी नीता श्रीवास्तव, पुत्र अमन श्रीवास्तव एवं मयंक श्रीवास्तव हैं। उनके बड़े बेटे अमन श्रीवास्तव ने बताया कि उनके पिता अपने दो भाइयों में बड़े थे, जबकि छोटे भाई का नाम सुरेश श्रीवास्तव है।

परिजनों ने बताया कि प्रेम कुमार श्रीवास्तव के निधन के बाद परिवार गहरे सदमे में है। परिवार की सहमति से शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर को उनके गृह जनपद ले जाया गया।

वरिष्ठ लिपिक के आकस्मिक निधन पर जिला जेल प्रशासन, सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)