अमेठी : मुसाफिरखाना कस्बे के वार्ड नंबर-4 में गुरुवार सुबह एक विवाहिता ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
मृतका की पहचान 32 वर्षीय श्वेता शर्मा पत्नी दुर्गेश शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार गुरुवार सुबह काफी देर तक श्वेता के कमरे का दरवाजा नहीं खुला। कई बार आवाज देने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो परिवार के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद दरवाजा खोलकर देखा गया तो श्वेता पंखे से फंदे के सहारे लटकी हुई मिलीं। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक श्वेता के पति दुर्गेश शर्मा विकासखंड क्षेत्र के पलिया चंदापुर विद्यालय में अनुदेशक पद पर कार्यरत हैं। वह बुधवार को टीजीटी परीक्षा देने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। घटना के समय घर में श्वेता के साथ उनके दो बच्चे और ससुर मौजूद थे। मां की अचानक मौत से दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Also Read: UP: लखनऊ में 15 वर्षीय दिव्यांग किशोरी से गैंगरेप, 24 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने पर मुसाफिरखाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। आसपास के लोगों और परिजनों से भी पूछताछ की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।













































