मथुरा : भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार को 33000 केवी विद्युत उपकेंद्र पर बड़ा तकनीकी फॉल्ट होने से फरह और रहीमपुर फीडरों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई. 33000 केवी केबल बॉक्स में आग लगने से दोनों फीडर बंद हो गए, जिससे कस्बे सहित करीब 48 गांवों की बिजली घंटों बाधित रही. अचानक आपूर्ति ठप होने से हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को 33 केवी केबल बॉक्स में अचानक आग लगने से फरह और रहीमपुर फीडरों की सप्लाई बंद हो गई. सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा क्षतिग्रस्त केबल बॉक्स को बदलने और फॉल्ट ठीक करने का कार्य शुरू किया. कई घंटे तक मरम्मत कार्य चलता रहा, जिसके कारण दोनों फीडरों से जुड़े गांवों और कस्बे में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी.
बिजली गुल रहने से सबसे अधिक परेशानी पेयजल व्यवस्था पर पड़ी. घरों में लगे सबमर्सिबल और पानी की मोटरें बंद होने से लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा. भीषण गर्मी और उमस में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीज बेहाल रहे. घरों में कूलर और पंखे बंद रहने से लोगों को दिनभर गर्मी झेलनी पड़ी.
कस्बे के बाजार में भी बिजली संकट का असर दिखाई दिया.
आटा चक्की, वेल्डिंग की दुकानें, कंप्यूटर सेंटर, फोटोकॉपी, मोबाइल रिपेयरिंग, डेयरी और अन्य छोटे कारोबार प्रभावित रहे. व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। इंटरनेट सेवाएं भी बाधित रहीं. ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली न होने से किसानों के नलकूप बंद रहे, जिसकी वजह से सिंचाई प्रभावित हुई. पशुपालकों को भी पानी की व्यवस्था करने में परेशानी उठानी पड़ी. लोगों ने विभाग से मांग की कि जर्जर विद्युत उपकरणों को समय रहते बदला जाए, ताकि इस तरह की समस्या दोबारा न हो.
Also Read: UP: उमरिया में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, आरोपी पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज
एसडीओ फरह देवेंद्र ने बताया कि 33000 केवी केबल बॉक्स जल जाने से फरह और रहीमपुर फीडरों की आपूर्ति बाधित हुई थी. तकनीकी टीम ने मरम्मत कार्य शुरू कर फॉल्ट सही कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














