UP: तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर की टक्कर से दो युवतियों की मौत, चालक फरार

सुल्तानपुर : जनपद के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवतियों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार पार्वती (22), पुत्री लालू निषाद एवं मनकी (21), पुत्री ओमप्रकाश निषाद, सफुल्लागंज से टाटियानगर चौराहे की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज गति एवं अनियंत्रित स्विफ्ट डिजायर कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।

Also Read:‘सिलबट्टे से प्रेमी का कत्ल, घर में ही गाड़ दी लाश…’, UP पुलिस ने हत्यारी प्रेमिका और उसके पति को किया गिरफ्तार

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने पहले पार्वती को मृत घोषित किया। इसके बाद उपचार के दौरान मनकी ने भी दम तोड़ दिया। घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

Also Read: UP: मथुरा में राशन वितरण पर सवाल, ग्रामीणों ने डीलर के खिलाफ खोला मोर्चा

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्यों का संकलन शुरू कर दिया है। पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है तथा परिजनों से तहरीर प्राप्त होने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फरार चालक की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है तथा यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)