सुल्तानपुर: नगर कोतवाली क्षेत्र के बसौढ़ी घाट के पास गोमती नदी में सोमवार को एक 19 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। शव की पहचान बल्दीराय थाना क्षेत्र के वल्लीपुर बाजार, मोमिनपुर निवासी मोहम्मद साहिल (19) के रूप में हुई। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार सोमवार, 3 अगस्त को डायल 112 पर सूचना मिली कि बसौढ़ी घाट के पास गोमती नदी में एक शव उतराता हुआ दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस गोताखोरों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान मोहम्मद साहिल पुत्र निवासी वल्लीपुर बाजार, मोमिनपुर, थाना बल्दीराय के रूप में हुई।
Also Read: UP: मथुरा में राशन वितरण पर सवाल, ग्रामीणों ने डीलर के खिलाफ खोला मोर्चा
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मोहम्मद साहिल 1 अगस्त को अपने घर से निकले थे। इसके बाद थाना कुड़वार क्षेत्र के सुरेशनगर-बरासिन पुल से उन्होंने गोमती नदी में छलांग लगा दी थी। सोमवार को उनका शव बसौढ़ी घाट के पास बरामद हुआ।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है।
क्षेत्राधिकारी नगर राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को बरामद कराया गया। पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































