मिर्जापुर: जब्त की गई अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। न्यायालय के आदेश के बाद पड़री थाना परिसर में 10,234.8 लीटर अवैध शराब को नष्ट कर जमीन में दफना दिया गया। नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 33 लाख 26 हजार 50 रुपये बताई गई है।
37 मुकदमों से जुड़ी थी शराब
पुलिस के मुताबिक, यह शराब आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज 37 अभियोगों से संबंधित थी। इनमें वर्ष 2023 का एक, वर्ष 2025 के तीन और वर्ष 2026 के 33 मामले शामिल हैं। मामलों में जब्त की गई अंग्रेजी, देशी और कच्ची शराब को नियमानुसार निस्तारित किया गया।
Also Read: गोण्डा: स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, वाहन चालकों को नियमों के पालन की हिदायत
न्यायालय के आदेश के बाद हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और प्रभारी निरीक्षकों को माल निस्तारण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए थे। इसी क्रम में न्यायालय से शराब के विनष्टीकरण की अनुमति मिलने के बाद रविवार को पड़री थाना परिसर में कार्रवाई की गई।
जेसीबी से गड्ढा खोदकर दफन की गई शराब
कार्रवाई के दौरान थाना परिसर में जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदा गया। इसके बाद जब्त की गई शराब को नष्ट कर उसी गड्ढे में डालकर दफन कर दिया गया। पूरी प्रक्रिया अधिकारियों की मौजूदगी में निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की गई।
Also Read: पति की मारपीट, जबरन दवाएं और देवर की अश्लील हरकत…बरेली में विवाहिता ने SSP से लगाई गुहार
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
शराब के विनष्टीकरण के समय नायब तहसीलदार अरविंद कुमार पांडेय, क्षेत्राधिकारी सदर जटाशंकर मिश्र, आबकारी निरीक्षक क्षेत्र प्रथम राजेश कुमार और थानाध्यक्ष पड़री प्रदीप कुमार सिंह समेत पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। गठित टीम की निगरानी में पूरी कार्रवाई संपन्न कराई गई।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































