‘स्मार्ट’ हुईं आंगनबाड़ी दीदियां, अनुदेशकों की जेब हुई भारी! सदर विधायक ने रायबरेली को दिया डिजिटल ‘गिफ्ट’

रायबरेली: सिविल लाइंस स्थित रायबरेली क्लब आज उस समय जोरदार तालियों और खिलखिलाहट से गूंज उठा, जब बरसों से मेहनत कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के हाथों में चमचमाते हुए ‘स्मार्ट फोन’ आए। अब जिले की ये दीदियां न सिर्फ डिजिटल अवतार में दिखेंगी, बल्कि सरकारी योजनाओं की पल-पल की रिपोर्ट भी एक क्लिक पर सीधे शासन को भेजेंगी। मौका था जिला बेसिक शिक्षा और बाल विकास पुष्टाहार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेगा वितरण और सम्मान समारोह का।

सदर विधायक अदिति सिंह मौजूद 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं सदर विधायक अदिति सिंह और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अंजूलता ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शंखनाद किया। इसके बाद शुरू हुआ सौगातों और सम्मान का वो सिलसिला, जिसने तपती गर्मी में भी विभाग के कर्मचारियों के चेहरों पर सुकून की ‘ठंडी हवा’ का अहसास करा दिया।

Also Read: सहारनपुर: गश्त के दौरान मण्डी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध चाकू के साथ शातिर आरोपी गिरफ्तार

कहीं नौकरी का लेटर, तो कहीं ‘बोनस’ का चेक

समारोह में सदर विधानसभा की 21 भाग्यशाली नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को जब विधायक के हाथों नियुक्ति पत्र मिला, तो उनकी आंखें खुशी से छलक आईं। वहीं, 22 कार्यकत्रियों को स्मार्ट फोन सौंपकर उन्हें हाईटेक किया गया।
इतना ही नहीं, मानदेय बढ़ने का इंतजार कर रहे अनुदेशकों के दिन भी बहुर गए। 5 अनुदेशकों को जैसे ही बढ़े हुए मानदेय का ‘डमी चेक’ मिला, पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इसके साथ ही, बेहतरीन परफॉर्मेंस देने वाले 10 स्टार अनुदेशकों को प्रशस्ति पत्र देकर मंच से सम्मानित किया गया।

विधायक अदिति सिंह की दो टूक

अपने चिर-परिचित अंदाज़ में गरजते हुए सदर विधायक अदिति सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के पैरों पर खड़े होने और नौनिहालों के बेहतर भविष्य के लिए पूरी तरह कमिटेड है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को रीढ़ की हड्डी बताते हुए कहा कि स्मार्ट फोन मिलने से काम में पारदर्शिता आएगी। अब कागजी हेरफेर नहीं चलेगा। सरकार आपको साधन दे रही है, तो आप भी पूरी निष्ठा और समर्पण से जनता तक योजनाएं पहुंचाएं। नौनिहालों के स्वास्थ्य और शिक्षा में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।शिक्षकों और अनुदेशकों की पीठ थपथपाते हुए विधायक ने कहा कि वे समाज के शिल्पकार हैं। उनके सम्मान से पूरी शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी।

Also Read: सहारनपुर: टोल कर्मियों की मनमानी के खिलाफ सड़क पर उतरे विधायक, ग्रामीणों संग किया जोरदार प्रदर्शन

अफसरों ने भी कसी कमर

सीडीओ अंजूलता ने भी साफ कर दिया कि स्मार्ट फोन मिलने के बाद अब योजनाओं की मॉनिटरिंग और तगड़ी होगी। लाभार्थियों को उनका हक सीधे मिलेगा। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) राहुल सिंह और जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) सुरेन्द्र कुमार समेत भारी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और अनुदेशक मौजूद रहे, जिनके चेहरों की चमक बता रही थी कि आज का दिन उनके लिए वाकई बेहद ‘खास’ रहा।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.