गोरखपुर : दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के हिंदी एवं आधुनिक भारतीय भाषा तथा पत्रकारिता विभाग के आचार्य प्रोफेसर विमलेश कुमार मिश्र ने प्रातः 10:00 बजे विभागाध्यक्ष का दायित्व ग्रहण किया. गौरतलब है चक्रानुक्रम में यह जिम्मेदारी अब तक प्रोफ़ेसर दीपक प्रकाश त्यागी संभाल रहे थे. प्रोफेसर त्यागी ने 3 माह, 13 दिन के अपने दूसरे कार्यकाल द्वारा 3 वर्ष की अवशेष अवधि 24 अप्रैल को संपन्न की.
प्रोफेसर विमलेश मिश्र हिंदी साहित्य के मध्यकाल, भोजपुरी साहित्य एवं भारतीय काव्यशास्त्र के प्रतिष्ठित विद्वान हैं. उन्होंने अब तक 6 मौलिक पुस्तकें लिखी हैं. इसके साथ ही 7 पुस्तकों का संपादन किया है. वह लंबे समय तक ‘अभिधा’ और ‘विजयम’ पत्रिका के संपादन से जुड़े रहे. उन्होंने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के लिए भोजपुरी पर महत्वपूर्ण पाठ्य सामग्री तैयार किया है. संप्रति वह साहित्य अकादमी, दिल्ली के प्रोजेक्ट पर लेखन कर रहे हैं.
प्रोफेसर विमलेश मिश्र के पास लंबा प्रशासनिक अनुभव है. वह पिछले तीन वर्षों से अपने कार्य कुशलता के कारण गोरखपुर विश्वविद्यालय के क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष हैं. इससे पूर्व पांच वर्षों तक डेलीगेसी के उपाध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान कर चुके हैं. वह राष्ट्रीय सेवा योजना में लगातार चार वर्षों तक कार्यक्रम अधिकारी के रूप में सक्रिय रहे.
अध्यक्ष के रूप में प्रोफेसर विमलेश मिश्र ने अपनी पहली बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि एक शिक्षक प्रथमतः अपने संस्थान और अंततः समाज की थाती होता है. इस तथ्य को जो शिक्षक जितना बेहतर ढंग से समझ पाएगा, अपने दायित्वों का निर्वहन उतनी ही निष्ठा से कर सकेगा.
Also Read : चूल्हे की ‘चिंगारी’ बनी काल, छप्पर में सो रहे 3 साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत
अध्यक्ष के रूप में उन्होंने समस्त विभागीय सदस्यों के साथ शाम 5:00 बजे कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन से मुलाकात की. जिसमें हिन्दी विभाग की भावी योजनाओं को लेकर चर्चा हुई. इस अवसर पर कुलपति महोदया ने प्रोफेसर विमलेश मिश्र को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान किया.
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के आचार्य, अधिष्ठाता एवं अधिकारीगण ने प्रसन्नता व्यक्त की. विभागीय शोधार्थियों ने वृक्षारोपण कर अपनी भावाभिव्यक्ति की.
Also Read : मथुरा में शादी से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम











































