दुष्कर्म का आरोपी दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित छुटमलपुर कट के पास से गिरफ्तार, कई दिनों से थी पुलिस को तलाश

सहारनपुर : थाना फतेहपुर पुलिस ने दुष्कर्म के एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को एक व्यक्ति ने थाना फतेहपुर में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात युवक उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। इस संबंध में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी और पीड़िता की बरामदगी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विरेन्द्र सिंह राणा के नेतृत्व में टीम का गठन किया। जांच के दौरान पीड़िता की बरामदगी के बाद उसके बयानों के आधार पर मामले में धारा 64(1) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई, जिससे यह मामला दुष्कर्म से जुड़ गया।

Also Read : चूल्हे की ‘चिंगारी’ बनी काल, छप्पर में सो रहे 3 साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत

आरोपी छुटमलपुर कट के पास से गिरफ्तार

पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए वांछित आरोपी नासिर पुत्र कलाम निवासी नाला सोपारा, थाना पेल्हर, जनपद पालघर (महाराष्ट्र) को दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित छुटमलपुर कट के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाया गया, जहां आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

आपराधिक इतिहास इसी मुकदमे से संबंधित

पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास इसी मुकदमे से संबंधित पाया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विरेन्द्र सिंह राणा, उपनिरीक्षक मशकूर अली, हेड कांस्टेबल रोहित चौधरी, कांस्टेबल कुलदीप कुमार तथा महिला कांस्टेबल प्रीति चौधरी शामिल रहीं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति पुलिस पूरी तरह सतर्क है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।