बहराइच: हरदी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार जीजा-साले की मौत हो गई। सिंधिया नसीरपुर गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार मनीष (26) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उसके जीजा प्रदीप ने लखनऊ ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि सिंगीया गांव निवासी मनीष अपने जीजा प्रदीप के साथ बाइक से जिला अस्पताल जा रहे थे। मनीष अपने भतीजे की तबीयत खराब होने के चलते परिजनों के लिए खाना लेकर अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान सिंगीया नसीरपुर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
Also Read: हाथरस में थार सवार बदमाशों की ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बचे दो युवक, 4 आरोपी गिरफ्तार
हादसे में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रदीप की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में प्रदीप की भी मौत हो गई।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। एक ही परिवार में दो मौतों से गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
हरदी थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया कि मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार डंपर चालक और वाहन की तलाश की जा रही है।



















































