गाजीपुर : जनपद में शुक्रवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया. बीती रात से ही आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई. सुबह के समय मौसम सुहावना बना रहा और लोगों ने लंबे समय बाद गर्मी से राहत महसूस की गई.
पिछले कई दिनों से जिले में तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित था. दिनभर चिलचिलाती धूप और उमस के चलते लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया था. बाजारों में भी दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहता था, जबकि बिजली की बढ़ी मांग के कारण उपभोक्ताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.
शुक्रवार सुबह ठंडी हवाओं और हल्के बादलों के कारण मौसम पूरी तरह बदला नजर आया. सुबह टहलने निकले लोगों के चेहरों पर राहत दिखाई दी. किसानों ने भी मौसम में आए बदलाव को फसलों के लिए लाभकारी बताया. मौसम सुहावना होने से बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों ने भी राहत की सांस ली. हालांकि लोगों को उम्मीद है कि यदि हल्की बारिश होती है तो उमस से पूरी तरह निजात मिल सकती है.
वहीं जनपद में शुक्रवार सुबह तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आसमान में हल्के बादल और ठंडी हवाएं चलने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल हल्के बादल छाए रह सकते हैं. शाम तक तापमान 37-39 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)















































