गोरखपुर: पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान हत्याकांड में खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार,आपसी रंजिश बनी हत्या की वजह

UP: गोरखपुर (Gorakhpur) के चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा में मंगलवार सुबह पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की हत्या की घटना ने इलाके में सनसनी मचा दी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। मृतक को इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए परिवार की तहरीर पर कई नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें दो संदिग्ध, राज चौहान और विपिन यादव को घटना से पहले मौके पर जाते देखा गया। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी राज चौहान ने स्वीकार किया कि हत्या का कारण निजी रंजिश था। उसने बताया कि उसकी अपनी बहन के बेटे नीरज चौहान से विवाद हुआ था और इसी रंजिश में उसने अपने साथी विपिन यादव के साथ मिलकर इस हत्या को अंजाम दिया।

Also Read: गोरखपुर: पूर्व पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार चौहान की मॉर्निंग वॉक पर बेरहमी से हत्या, 300 मीटर तक दौड़कर बचने की कोशिश, बदमाशों ने पीछा कर उतारा मौत के घाट

जांच जारी, अन्य आरोपियों की तलाश

पुलिस ने बताया कि अन्य नामजद आरोपियों से भी पूछताछ जारी है और उनकी संलिप्तता की गहन जांच की जा रही है। घटनास्थल पर लगे अन्य सुरागों और पुलिस टीमें लगातार दबिश देकर बाकी आरोपियों की तलाश कर रही हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस हत्या में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

प्रशासन की प्रतिक्रिया 

इस वारदात के बाद मंगलवार शाम प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान और सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि परिवार की मांग को शासन तक पहुंचा दिया गया है और बच्चों की पढ़ाई का खर्च जिला प्रशासन द्वारा उठाया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर स्थानीय स्तर पर बढ़ती आपसी रंजिशों और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)