गोण्डा। थाना इटियाथोक क्षेत्र में मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति की पिटाई के बाद हुई मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना इटियाथोक पुलिस ने आरोपी बाला मिश्रा उर्फ विनोद मिश्रा को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम चमैनिया (दिखलौल) निवासी पृथ्वीनाथ तिवारी ने थाना इटियाथोक में तहरीर देकर बताया था कि उनके बड़े भाई चन्द्रशेखर तिवारी, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ थे, 11 मई 2025 की रात घर से निकलकर ग्राम अमराडीहा शाहपुर स्थित एक व्यक्ति के घर चले गए थे। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर विपक्षियों ने चन्द्रशेखर तिवारी की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मामले में थाना इटियाथोक में गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने रविवार को घटना में शामिल आरोपी बाला मिश्रा उर्फ विनोद मिश्रा को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।










































