बाराबंकी : बाराबंकी जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के झांसा गांव में शुक्रवार देर रात एक अत्यंत दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। बेकाबू डंपर ने घर के बाहर सो रहे एक ही परिवार के पांच सदस्यों को कुचल दिया। हादसे में पिता, बेटे और दो बेटियों की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हैं।
भीषण गर्मी और बिजली कटौती बनी वजह
परिवार के सदस्य बिजली आपूर्ति बाधित होने और भीषण गर्मी के कारण घर के बाहर सड़क किनारे चारपाई डालकर सो रहे थे। रात करीब 2 बजे तेज रफ्तार डंपर ने पहले सड़क किनारे पेड़ से टकराया और फिर परिवार के ऊपर चढ़ गया।
मृतकों की पहचान
हादसे में मारे गए लोगों की पहचान इस प्रकार हुई है:
– नीरज (35) – पिता, किराए पर मैजिक चलाते थे
– अनुराग (13) – बेटा
– अंशिका (10) – बेटी
– अंशू (6) – बेटी
घायल आरती (35) को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ के लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर किया गया है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
चालक फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश
डंपर चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। सीओ फतेहपुर जगतराम कन्नौजिया ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है।
गांव में छाया मातम
घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। मृतक नीरज के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नीरज की बहन किरण अस्पताल में बच्चों के शव देखकर बेसुध हो गईं। मामा कृपा राम ने बताया कि रात करीब तीन बजे हादसे की सूचना मिली।
जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि दो बच्चों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
यह हादसा बिजली संकट और सड़क सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बिजली व्यवस्था सुधारने और सड़कों पर रात में भारी वाहनों की आवाजाही पर अंकुश लगाने की मांग की है।















































