UP: जौनपुर जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एक संगठित ऑनलाइन ठगी गिरोह का खुलासा करते हुए उसके तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 92 हजार रुपये नकद, 10 फर्जी आधार कार्ड और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को साइबर अपराध पर बड़ी सफलता माना जा रहा है।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना प्रभारी की टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 16 जुलाई की सुबह करीब 6:10 बजे सिटी रेलवे स्टेशन ओवरब्रिज के नीचे छापेमारी की। इस दौरान गुलशन सोनी (जफराबाद), सूरज उपाध्याय (लाइन बाजार) और अमन सिंह (कोतवाली क्षेत्र) को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन ठगी के जरिए लोगों से ठगे गए रुपये विभिन्न बैंक खातों में मंगवाते थे।
Also Read: रायबरेली: लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर तीन बाइकों की भीषण टक्कर, युवक की मौत,चार की हालत गंभीर
सरगना के इशारे पर चलता था पूरा नेटवर्क
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दीपेश उर्फ दीपु विश्वकर्मा, निवासी नेवढ़िया थाना क्षेत्र, के नेतृत्व में संचालित साइबर ठगी गिरोह के लिए काम करते थे। गिरोह ठगी से प्राप्त रकम को अलग-अलग लोगों के बैंक खातों में ट्रांसफर कराता था। बाद में एटीएम से नकदी निकालकर लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा गिरोह के सरगना को सौंप दिया जाता था, जबकि शेष 20 प्रतिशत रकम गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।
फर्जी आधार कार्ड बनवाकर खुलवाते थे बैंक खाते
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपनी वास्तविक पहचान छिपाने के लिए फर्जी नाम और पते पर आधार कार्ड तैयार कराते थे। इन्हीं दस्तावेजों का इस्तेमाल कर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए जाते थे, जिनका उपयोग साइबर ठगी से हासिल रकम के लेनदेन में किया जाता था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में किन लोगों की भूमिका रही।
Also Read: UP: सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता दिखाना पड़ा महंगा, कोर्ट ने आरोपी को सुनाई ये सख्त सजा
आईटी एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों से बरामद नकदी, फर्जी आधार कार्ड और मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया है। तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरोह के सरगना दीपेश उर्फ दीपु समेत अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।
















































