UP: वाराणसी: संसद भवन परिसर में सांसद पप्पू यादव द्वारा किए गए प्रदर्शन के विरोध में वाराणसी के अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में अधिवक्ता पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे और विरोध-प्रदर्शन करते हुए सांसद पप्पू यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत विपक्ष के अन्य नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि संसद परिसर में किए गए प्रदर्शन से सनातन परंपराओं और धार्मिक आस्थाओं का मजाक बनाया गया है। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर नारेबाजी की और संबंधित नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक विरोध के नाम पर किसी भी धर्म या उसकी आस्था को ठेस पहुंचाना स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज में अनावश्यक विवाद और तनाव पैदा करती हैं।
Also Read :UP: जसवंतनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देशी तमंचा लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार
इसके बाद अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि मामले की जांच कर सांसद पप्पू यादव, राहुल गांधी और प्रदर्शन में शामिल अन्य संबंधित नेताओं के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाए। अधिवक्ताओं ने कहा कि यदि इस तरह की घटनाओं पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में ऐसी प्रवृत्तियों को बढ़ावा मिलेगा।
















































