बांदा: सिर्फ एक व्हाट्सएप वीडियो कॉल ने 48 वर्षीय प्राइवेट शिक्षक की जिंदगी को संकट में डाल दिया। आधी रात अज्ञात युवती की वीडियो कॉल उठाना इतना भारी पड़ गया कि साइबर ठगों ने अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर 2 लाख 40 हजार रुपये ऐंठ लिए। हैरानी की बात यह है कि पैसे लेने के बाद भी ब्लैकमेलिंग का सिलसिला नहीं रुका।
पीड़ित शिक्षक के मुताबिक, 9 मई 2026 की रात करीब 12 बजे एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप वीडियो कॉल आयी। कॉल रिसीव करते ही दूसरी ओर मौजूद युवती ने अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और उन्हें भी उकसाया। कुछ ही देर में पूरी वीडियो रिकॉर्ड कर ली गई।
इसके बाद शुरू हुआ ‘डिजिटल ब्लैकमेल गैंग’ का खेल। आरोपियों ने रिकॉर्ड की गई वीडियो भेजकर धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएगी और रिश्तेदारों, दोस्तों व परिचितों तक पहुंचा दी जाएगी।
बदनामी के डर से शिक्षक ने अलग-अलग बैंक खातों और ऑनलाइन माध्यमों से कुल 2 लाख 40 हजार रुपये भेज दिए। लेकिन रकम मिलने के बाद भी ठगों की मांग खत्म नहीं हुई। लगातार नई-नई धमकियां और पैसों की डिमांड आने लगी।
आखिरकार मानसिक तनाव से परेशान शिक्षक ने बुधवार को पुलिस की शरण ली और पूरे मामले की तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। साइबर ठगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
ध्यान रहे कि अंजान नंबर से आने वाले वीडियो कॉल को उठाना आपकी सबसे बड़ी गलती साबित हो सकती है। किसी भी तरह की साइबर ब्लैकमेलिंग में डरकर पैसे न भेजें। तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत करें। आपकी एक शिकायत लाखों रुपये बचा सकती है।



















































