UP: हाथरस में होली वाली गली स्थित मंदिर श्री चमत्कारी श्री गणेश जी महाराज पर श्री गणेश सेवा मित्र मंडल द्वारा 14 और 15 सितंबर को 24वें वार्षिक स्थापना महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। मंदिर की रंगाई-पुताई के साथ आकर्षक साज-सज्जा कराई जा रही है। वहीं आयोजन समिति के पदाधिकारी शहर के श्रद्धालुओं को परिवार सहित महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दे रहे हैं।
शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में श्री गणेश सेवा मित्र मंडल के पदाधिकारियों ने दो दिवसीय महोत्सव की विस्तृत जानकारी दी। आयोजकों के मुताबिक महोत्सव के दौरान भगवान श्री गणेश जी महाराज का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इस बार करीब 7 कुंतल लड्डुओं से भगवान गणेश का भव्य श्रृंगार आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके साथ ही करीब 3.5 कुंतल का विशाल मोदक भी तैयार किया जाएगा।
Also Read: यूपी के 16 शक्तिपीठ स्थलों पर ‘शक्ति महोत्सव’ कराएगी योगी सरकार
14 सितंबर, सोमवार को सुबह 7 बजे भगवान श्री गणेश जी महाराज का महाभिषेक होगा। शाम 7 बजे भव्य मोदक यानी लड्डू श्रृंगार किया जाएगा और 7:30 बजे डमरू संग महाआरती होगी। वहीं 15 सितंबर, मंगलवार को शाम 7 बजे भगवान गणेश जी का भव्य फूलबंगला सजाया जाएगा। इसके बाद 7:30 बजे महाआरती होगी। श्रद्धालुओं के लिए शाम 5 बजे से प्रसादी की व्यवस्था भी की गई है।
आयोजकों ने बताया कि महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को लेकर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। श्री गणेश सेवा मित्र मंडल ने शहरवासियों से परिवार सहित महोत्सव में पहुंचकर भगवान श्री गणेश जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। महोत्सव में मंडल के अध्यक्ष मनीष कूलवाल, कोषाध्यक्ष सन्जू भगत, महामंत्री श्याम वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी व्यवस्थाओं में जुटे हैं। कार्यक्रम में जलेसर चेयरमैन गौरी वर्मा के विशेष आगमन की भी जानकारी दी गई है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































