सहारनपुर: देवबंद थाना क्षेत्र में युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मृतका के परिजनों की तहरीर पर 17 सितंबर को मोहित पुत्र घसीटू के खिलाफ हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच आगे बढ़ने पर उसकी मां ओमवती की संलिप्तता भी सामने आई।
पूछताछ में सामने आई हत्या की वजह
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मोहित ने बताया कि मृतका के साथ उसके पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध थे। वह अपने भाई की साली से शादी करना चाहता था। पुलिस के अनुसार, प्रेम संबंध की जानकारी सामने आने के बाद हुई बदनामी से परेशान होकर मोहित ने युवती से पीछा छुड़ाने की योजना बनाई।
Also Read: UP: 2031 महायोजना से बदलेगी रायबरेली शहर की सूरत, डलमऊ रोड और मुंशीगंज की चमकेगी किस्मत
छत पर बुलाकर गला दबाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को मोहित ने युवती को अपने घर की छत पर बुलाया। वहां उसने पहले उसका मोबाइल फोन बंद किया और फिर कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद मोहित ने अपनी मां ओमवती को पूरे मामले की जानकारी दी।
मोटरसाइकिल से शव नहर में फेंकने का दावा
पुलिस का कहना है कि इसके बाद मोहित और ओमवती ने मिलकर शव को मोटरसाइकिल पर रखा और कपड़े से ढक दिया। दोनों शव को लेकर साखन नहर पहुंचे, जहां उसे नहर में फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों की भूमिका को लेकर जांच आगे बढ़ाई है।
Also Read: UP: अटल जी की यादों के नाम होगी काव्य संध्या, हाथरस में जुटेंगे देशभर के नामचीन कवि
मोबाइल और बाइक बरामद, दोनों गिरफ्तार
पुलिस ने मोहित को अतर सिंह फार्म हाउस के पास से गिरफ्तार किया, जबकि ओमवती को उसके मकान से पकड़ा गया। मोहित की निशानदेही पर पुलिस ने मृतका का टूटा हुआ वीवो मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )
















































