UP: अमेठी के टीकरमाफी चौकी क्षेत्र के रानीपुर मजरे करनाईपुर गांव में शुक्रवार दोपहर एक 28 वर्षीय युवती का शव घर के कमरे में फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानिए क्या है पूरा मामला?
रानीपुर निवासी जंग बहादुर की पुत्री अंजू (28) शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे घर के कमरे में फंदे से लटकती मिली। परिजनों के अनुसार दोपहर करीब एक बजे अंजू ने भोजन-पानी किया था। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने काम में लग गए। करीब दो बजे अंजू की मां किसी काम से कमरे में पहुंचीं तो उन्होंने बेटी को फंदे से लटकता देखा। यह देखकर घर में चीख-पुकार मच गई।
ALSO READ: UP: सहारनपुर में वाहन चोर गिरोह का खुलासा, चार गिरफ्तार, 8 चोरी की बाइक बरामद
परिजनों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही टीकरमाफी चौकी प्रभारी सौम्य जायसवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। टीकरमाफी चौकी प्रभारी सौम्य जायसवाल ने बताया कि युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















































