बखिरा विसर्जन विवाद में दर्ज मुकदमे पर सांसद पप्पू निषाद का पलटवार, बोले -फर्जी केस लगाया

संतकबीरनगर जिले के बखिरा क्षेत्र के अमरडोभा चौराहे पर गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए विवाद में दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज होने के बाद मामले की राजनीति गरमा गई है। सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद ने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे को फर्जी बताते हुए भाजपा नेताओं के दबाव में कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Also Read: चंदौली में मंदिर में तोड़फोड़, गणेश-शिव की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में आक्रोश

दोषी मिला तो मुकदमे से पीछे नहीं हटूंगा: सांसद पप्पू निषाद 

सांसद ने आरोप लगाया कि जिस युवक की तहरीर के आधार पर उनके और उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है, वह घटना के समय मौके पर मौजूद ही नहीं था। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर पुलिस और प्रशासन की ओर से कराई गई वीडियोग्राफी से पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता सामने आ सकती है। सांसद ने मामले की सीबीआई जांच अथवा पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली कमेटी से जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच में यदि वह दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें कार्रवाई से कोई आपत्ति नहीं होगी। उनका दावा है कि राजनीतिक नेताओं के इशारे पर उनकी हत्या की साजिश रची जा रही है।सांसद ने कहा कि वह पूरे मामले को लोकसभा स्पीकर के समक्ष भी उठाएंगे। वहीं, अब विवाद में दर्ज दोनों मुकदमों की जांच, घटनास्थल की वीडियोग्राफी और अन्य साक्ष्यों से पुलिस के सामने घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने की चुनौती है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।