बाराबंकी : जनपद में टेलीग्राम के माध्यम से टास्क पूरा करने पर लाभ का प्रलोभन देकर साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। इस मामले में साइबर सेल व साइबर क्राइम थाना की तत्परता से पीड़िता के खाते में 20,904 रुपये वापस कराए गए, जिससे उसे आंशिक राहत मिली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदिका अश्वनी शर्मा, पत्नी हिमांशु शर्मा, निवासी कोतवाली नगर, जनपद बाराबंकी ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने टेलीग्राम के जरिए उन्हें टास्क पूरा करने पर अधिक लाभ देने का झांसा दिया। शुरुआत में छोटे-छोटे टास्क देकर विश्वास जीतने के बाद आरोपियों ने उनसे बड़ी रकम निवेश करने को कहा। इस प्रक्रिया में पीड़िता के खाते से कुल 33,000 रुपये की ठगी कर ली गई।
संबंधित मर्चेंट और प्लेटफॉर्म से संपर्क स्थापित किया गया
शिकायत मिलते ही साइबर सेल एवं साइबर क्राइम थाना की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। साइबर तकनीकी का उपयोग करते हुए संबंधित मर्चेंट और प्लेटफॉर्म से संपर्क स्थापित किया गया। प्रभावी पत्राचार और त्वरित कार्रवाई के चलते 20,904 रुपये की धनराशि पीड़िता के खाते में वापस कराई गई।
Also Read : चूल्हे की ‘चिंगारी’ बनी काल, छप्पर में सो रहे 3 साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत
मुख्य आरक्षी और आरक्षियों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई
इस कार्रवाई में निरीक्षक बृजेश यादव (प्रभारी साइबर सेल), निरीक्षक संजीव कुमार यादव (प्रभारी साइबर थाना) के नेतृत्व में उपनिरीक्षक इफलाक अहमद, उपनिरीक्षक सत्येंद्र पाण्डेय सहित मुख्य आरक्षी और आरक्षियों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरी साइबर टीम की समन्वित कोशिशों से यह सफलता हासिल हुई।
“सत्यता अवश्य जांच लें”
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर मिलने वाले ऐसे लालचपूर्ण ऑफर्स से सावधान रहें। किसी भी अनजान लिंक, टास्क या निवेश योजना पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें। साथ ही, किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।














































