उत्तर प्रदेश : अमेठी में रिसेप्शन में हुए खूनी संघर्ष का खुलासा ; युवक की हत्या में नामजद 5 अभियुक्त गिरफ्तार, युवती भी शामिल

अमेठी : अमेठी के कमरौली थाना क्षेत्र में दो दिन पहले रिसेप्शन पार्टी के दौरान हुए खूनी संघर्ष में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक युवती समेत 5 नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फरसा, लाठी और बांस का डंडा बरामद हुआ है. दो दिन पहले डांस के दौरान बच्चे की शर्ट फटने पर शुरू हुआ विवाद परिजनों के बीच खूनी संघर्ष में बदल गया था. मारपीट में गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश चौहान की इलाज के दौरान मौत हो गई थी. पुलिस सभी आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई में जुट गई है.

कमरौली थाना क्षेत्र के ग्राम पूरे मोलना मजरे बरसण्डा में दो दिन पहले रिसेप्शन पार्टी के दौरान हुए खूनी संघर्ष में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन में चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई. दो दिन पहले रिसेप्शन कार्यक्रम में डांस के दौरान एक बच्चे की शर्ट फट जाने पर विवाद हो गया था. देखते ही देखते विवाद में दोनों पक्षों के परिजन शामिल हो गए और जमकर मारपीट हुई. मारपीट में ओमप्रकाश चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी.

Also Read: UP के इस जिले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.31 करोड़ की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, तस्कर गिरफ्तार

मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ मु0अ0सं0 90/26 धारा 191(2), 191(3), 190, 103(1), 109, 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था. आज दोपहर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पटेल की टीम ने मुखबिर की सूचना पर 5 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में सहजराम उम्र 62 वर्ष, पारसनाथ 33 वर्ष, विष्णु 20 वर्ष, बालक लाल 29 वर्ष और 18 वर्षीय लक्ष्मी शामिल हैं. सभी ग्राम पूरे मोलना मजरे बरसण्डा के निवासी हैं.

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक फरसा, एक लाठी तथा एक बांस का डंडा बरामद किया है. गिरफ्तार करने वाली टीम में उ0नि0 रामाश्रय यादव, हे0का0 सुरेश मिश्रा, म0का0 कामिनी वर्मा सहित कुल 10 पुलिसकर्मी शामिल रहे. थाना कमरौली पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और सभी अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)