‘यौन समस्याओं का समाधान,सच्चा प्यार, लव मैरिज…’, ट्रेन में पोस्टर चिपकाने वाला ‘बंगाली बाबा’ मोहम्मद नजीर अरेस्ट, 15 हजार पोस्टर बरामद

रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) ने एक बड़े अभियान के तहत खुद को ‘बंगाली बाबा’ बताने वाले मोहम्मद नजीर को गिरफ्तार किया है। 17 फरवरी 2026 को सेंट्रल और वेस्टर्न रेलवे की संयुक्त टीम ने मुंबई के रे रोड इलाके में स्थित मीरा अली दरगाह पर छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में आरोपी को मौके पर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह रेलवे परिसरों का अवैध रूप से इस्तेमाल कर निजी विज्ञापन कर रहा था।

15 हजार पोस्टर बरामद, रेलवे संपत्ति को नुकसान

गिरफ्तारी के दौरान RPF ने आरोपी के पास से करीब 15,000 छपे हुए पोस्टर बरामद किए। ये पोस्टर ट्रेन के कोच, टॉयलेट और प्लेटफॉर्म की दीवारों पर चिपकाए जाते थे। पोस्टरों में ‘मनचाहा प्यार’, ‘लव मैरिज में सफलता’ और ‘यौन समस्याओं का समाधान’  जैसे दावे किए गए थे। अधिकारियों के मुताबिक, इस तरह की गतिविधियों से रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचता है और यात्रियों को असुविधा होती है। मामले में CR नंबर 104/2026 के तहत केस दर्ज किया गया है।

Also Read:देवर ने भाभी के बेडरूम में लगाया कैमरा! देवर की हरकत ने उड़ाए सभी के होश, सच जानकर पुलिस भी रह गई सन्न

फर्जी दावों के जरिए लोगों को बनाता था निशाना

मोहम्मद नजीर, जो पश्चिम बंगाल का रहने वाला है लेकिन मुंबई में सक्रिय था, खुद को “गुरु बाबा” या “बंगाली बाबा” बताकर लोगों को झांसा देता था। उसके पोस्टरों में व्यक्तिगत और वैवाहिक समस्याओं का समाधान करने का दावा किया जाता था। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह लोगों की भावनाओं और कमजोर मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर ठगी करने का सुनियोजित तरीका था।

जांच जारी, सहयोगियों की तलाश

RPF ने आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट की संबंधित धाराओं, धोखाधड़ी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए हैं। जांच अब पोस्टर छापने वाले स्रोतों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचाने पर केंद्रित है। रेलवे अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे भ्रामक विज्ञापनों से सावधान रहें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)