विधानसभा सत्र के दौरान चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी ने अलग-अलग विभागीय मंत्रियों से व्यक्तिगत मुलाकात कर और सदन में नियमों के तहत मुद्दे उठाकर अपने क्षेत्र की अनेक लंबित योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास तेज कर दिया है। विधायक ने बताया कि उन्होंने नगर विकास, परिवहन, खेल-कूद, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, पर्यटन, कृषि विपणन, मत्स्य पालन, जल शक्ति और लोक निर्माण जैसे विभागों के मंत्रियों से मिलकर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और विकास कार्यों का विस्तृत मांगपत्र सौंपा है। अधिकांश मंत्रियों ने आश्वासन दिया है कि इन मांगों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
नगर विकास मंत्री से बड़हलगंज, गोला और उरुवा की मांगें
विधायक राजेश त्रिपाठी ने नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा से मिलकर बड़हलगंज, गोला और उरुवा नगर पंचायत में सड़क, पोखरा, नाला-नाली, इंटरलॉकिंग टाइल्स, घाट निर्माण, कार्यालय भवन और कल्याण मंडपम की मांग की। उन्होंने गोला मुक्तिधाम पर भयंकर गंदगी की समस्या को भी उठाया और सफाई व्यवस्था नगर पंचायत गोला को सौंपने का अनुरोध किया। मंत्री ने सभी मांगों पर आश्वासन दिया है।
परिवहन मंत्री से बस स्टेशन और स्टॉप की मांग
रिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से विधायक ने गोला और उरुवा में बस स्टेशन तथा गोला चंद चौराहे के पास शीघ्र बस स्टॉप बनवाने की मांग रखी। मंत्री ने इसे स्वीकार करते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
खेल-कूद मंत्री से स्टेडियम की मांग
खेल-कूद, युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव से मिलकर विधायक ने गोला कस्बे में इनडोर स्टेडियम, बैडमिंटन कोर्ट और ब्लॉक गोला व उरुवा स्तर पर एक-एक मिनी स्टेडियम बनाने का मांगपत्र सौंपा। मंत्री ने इस पर भी सकारात्मक आश्वासन दिया है।
उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग
उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक से मुलाकात कर विधायक ने बड़हलगंज, गोला और उरुवा सी.एच.सी. पर विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध कराने, पोहिला और नेवाइजपार अस्पताल शुरू कराने, मिश्रौली, उरुवा, छपिया और गोला के जर्जर भवनों की मरम्मत, चारदीवारी लगाने और नई इमारत बनाने की मांग की। मंत्री ने सभी कार्य कराने का आश्वासन दिया।
समाज कल्याण मंत्री से सामुदायिक भवन और अम्बेडकर प्रतिमा की मांग
समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण से मिलकर विधायक ने मकरंदपुर, चौकड़ी सहित अन्य गांवों में सामुदायिक भवन शीघ्र शुरू कराने और क्षेत्र के अनेक गांवों में डॉ. अम्बेडकर प्रतिमा के सुंदरीकरण, छतरी लगाने और चारदीवारी बनाने का अनुरोध किया।
पर्यटन मंत्री से धार्मिक स्थलों के सुंदरीकरण की मांग
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से मिलकर विधायक ने बारानगर कालिका स्थान, समय स्थान पडौली, धवलेश्वर नाथ मंदिर, पार्वती स्थान मोहालजलकर, तपश्वी सभा स्थान बुढनपूरा सहित कई धार्मिक स्थलों के सुंदरीकरण का मांगपत्र सौंपा और आश्वासन प्राप्त किया।
कृषि विपणन और मत्स्य पालन मंत्री से मंडी की मांग
कृषि विपणन एवं उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह से बड़हलगंज में बड़ी मंडी और क्षेत्र में कई सड़कों के निर्माण की मांग की गई। मत्स्य पालन मंत्री डॉ. संजय निषाद से बड़हलगंज और गोला में मछली विक्रेताओं के लिए अलग मंडी बनाने का अनुरोध किया।
जल शक्ति और लोक निर्माण मंत्री से बांध और सड़कों की मांग
जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह से बगहा, पटना, बल्थर, तीरागांव और गोडियाना घाट पर कटाव रोकने तथा सरया आछीडीह बांध बनाने के काम में तेजी लाने की मांग की गई। पीडब्ल्यूडी राज्य मंत्री बृजेश सिंह से चिल्लूपार की बनकटा, देवापार, सुअरज, नरायनपुर सहित कई सड़कों के नवनिर्माण और लखनौरी-मोहन पौहरिया मार्ग समेत अन्य सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग रखी गई।
विधायक का संकल्प
विधायक राजेश त्रिपाठी ने कहा कि चिल्लूपार क्षेत्र की विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए वह निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने सभी मंत्रियों से मिलकर मांगपत्र सौंपे हैं और सदन में भी मुद्दे उठाए हैं। विधायक ने आशा जताई है कि जल्द ही इन सभी योजनाओं पर अमल शुरू हो जाएगा और क्षेत्रवासियों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से निजात मिलेगी।
INPUT-ANANYA MISHRA











































