UP: बहराइच (Bahraich) जिले में एक युवक और उसके पिता पर आरोप है कि उन्होंने बेरोजगार युवकों को नौकरी दिलाने का भरोसा देकर 24 हजार रुपये ठग लिए। आरोप है कि जब युवकों को नौकरी नहीं मिली और उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो आरोपितों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। मोतीपुर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रजिस्ट्रेशन के नाम पर वसूली
लखनऊ के गोमती नगर निवासी दशरथ प्रसाद ने बताया कि उनके भतीजे अजय कुमार और विनय कुमार को ब्लॉक स्तर पर संविदा नौकरी दिलाने का भरोसा दिया गया। मिहीपुरवा नयापुरवा निवासी अमित कुमार और उनके पिता सत्य नारायण ने रजिस्ट्रेशन शुल्क के रूप में दोनों युवकों से 12-12 हजार रुपये, कुल 24 हजार रुपये लिए। आरोप है कि नौकरी लगने के बाद दोनों से एक-एक लाख रुपये अतिरिक्त लिए जाने की बात भी कही गई थी।
Also Read: सुल्तानपुर: डायल 112 सिपाही पर महिला ने लगाया यौन शोषण का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पैसे वापस मांगने पर धमकी
पीड़ितों का कहना है कि प्रारंभिक रकम के अलावा धीरे-धीरे और किस्तों में भी धन वसूला गया। काफी समय बीत जाने के बाद जब नौकरी नहीं मिली तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद जब उन्होंने पैसे वापसी की मांग की, तो आरोप है कि अमित कुमार और उनके पिता ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि आरोपित पहले भी कई बेरोजगार युवकों को इसी तरह ठगा चुके हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए मोतीपुर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































