आशुतोष ब्रह्मचारी पर चलती ट्रेन में धारदार हथियार से जानलेवा हमला, टॉयलेट में बंद होकर बचाई जान

प्रयागराज (Prayagraj) जा रहे आशुतोष ब्रह्मचारी (Ashutosh Brahmachari) पर रीवा एक्सप्रेस ट्रेन में जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक यह घटना फतेहपुर और कौशांबी जिले के सिराथू रेलवे स्टेशन के बीच हुई। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावर ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और काफी खून बह गया।

टॉयलेट में बंद होकर बचाई जान

हमले के दौरान अपनी जान बचाने के लिए आशुतोष ब्रह्मचारी ट्रेन के टॉयलेट में जाकर बंद हो गए। घायल अवस्था में वह किसी तरह प्रयागराज पहुंचे, जहां उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है। फोन पर बातचीत में उन्होंने बताया कि हमलावर उनकी नाक काटने की कोशिश कर रहा था। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Also Read: प्रयागराज: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की अग्रिम जमानत अर्जी इलाहाबाद हाईकोर्ट में, शिकायतकर्ता आशुतोष ब्रह्मचारी बोले न्यायपालिका पर पूरा भरोसा

शंकराचार्य पर साजिश का शक

घटना के बाद आशुतोष ब्रह्मचारी ने प्रयागराज जीआरपी में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। उन्होंने इस हमले के पीछे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और कुछ अन्य लोगों की साजिश होने का शक जताया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावर की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

पहले भी लगा चुके हैं गंभीर आरोप

गौरतलब है कि आशुतोष ब्रह्मचारी इससे पहले भी स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर यौन उत्पीड़न सहित कई गंभीर आरोप लगा चुके हैं और इस मामले में केस भी दर्ज कराया था। उन्होंने दावा किया था कि बाढ़ प्रभावित इलाकों से लाए गए युवा बटुकों के साथ आश्रमों में गलत व्यवहार किया जाता है। प्रयागराज में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने इस मामले में कई लोगों के नाम लेते हुए गंभीर आरोप लगाए थे।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)