UP: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के आगरा (Agra) जिले में पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो पेशे से केमिस्ट्री का शिक्षक बताया जा रहा है। उस पर आरोप है कि वह सिंथेटिक ड्रग एमडीएमए तैयार करने की योजना बना रहा था। खंदौली थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस को उसके पास से बड़ी मात्रा में रसायन और उपकरण मिले हैं, जिनका उपयोग नशीले पदार्थों के निर्माण में किया जा सकता है।
आरोपी की पहचान और ठिकाना
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम मनोज कुमार है, जिसकी उम्र लगभग 36 वर्ष बताई जा रही है। वह मूल रूप से फिरोजाबाद जिले के नारखी थाना क्षेत्र के मरसलगंज, पोस्ट गांगनी का निवासी है। फिलहाल वह आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के नगला मट्टू में दिनेश उपाध्याय के मकान में किराए पर रह रहा था। पुलिस को शक है कि वह अपने रसायन विज्ञान के ज्ञान का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों के लिए कर रहा था।
भारी मात्रा में रसायन बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में केमिकल बरामद किए। इनमें लगभग 450 लीटर डिस्टिल्ड वॉटर, 120 लीटर मिथाइल अमाइन, 27.5 लीटर हाइड्रोब्रोमिक एसिड, 100 लीटर एथाइल एसीटेट, 50 लीटर एसीटोन, 40 लीटर हाइड्रोक्लोरिक एसिड और 9 लीटर एथेनॉल शामिल हैं। इसके अलावा कई ऐसे उपकरण भी बरामद किए गए हैं, जिनका उपयोग सिंथेटिक ड्रग एमडीएमए बनाने में किया जाता है।
केस दर्ज, नेटवर्क की जांच जारी
इस मामले में आगरा कमिश्नरेट के खंदौली थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई का नेतृत्व डीसीपी आदित्य कुमार ने किया। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह अकेले इस काम में शामिल था या इसके पीछे किसी बड़े ड्रग नेटवर्क का हाथ है।












































