UP: आज़मगढ़ (Azamgarh) जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अनियमितताओं के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। बिलरियागंज थाना क्षेत्र की तौहीद इंडेन गैस एजेंसी पर छापेमारी के दौरान गोदाम में 666 गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जबकि एजेंसी संचालक ने 10 मार्च से स्टॉक खत्म होने का दावा किया था। यह कार्रवाई प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत की गई।
गोदाम से बड़ी संख्या में सिलेंडर बरामद
जांच में गोदाम के रिकॉर्ड, ऑनलाइन डेटा और वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर पाया गया। तौहीद और शबाना पर आरोप है कि उन्होंने गैस सिलेंडरों को जानबूझकर रोक कर बाजार में ऊंची कीमत पर बेचने की योजना बनाई थी। पुलिस ने दोनों पर FIR दर्ज कर ली है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
Also Read: यूपी: LPG कालाबाजारी पर बड़ा एक्शन,1483 जगहों पर छापेमारी, 4 एलपीजी वितरकों पर FIR दर्ज
प्रशासन ने अपनाई जीरो टॉलरेंस नीति
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने स्पष्ट किया कि आम जनता को नियमित और सस्ते दर पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। प्रशासन ने कहा कि ऐसे किसी भी मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस छापेमारी की खबर से जिले में हड़कंप मच गया है और लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है।
आम जनता को अफवाहों से सतर्क रहने की अपील
हाल ही में एलपीजी सिलेंडर को लेकर बाजार में अफवाहें फैली हुई थीं, जिससे उपभोक्ताओं में असमंजस और हलचल मची। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल नियमित बुकिंग के माध्यम से ही गैस सिलेंडर प्राप्त करें। पुलिस ने आगे की जांच में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर मामले की गहराई से छानबीन शुरू कर दी है।
Input- Manav Srivastava (Reporter- Azamgarh)















































