फर्रुखाबाद: नवरात्र से पहले FSDA की बड़ी कार्रवाई, सिंघाड़ा आटा और सेंधा नमक के लिए गए सैंप, मचा हड़कंप

UP: फर्रुखाबाद (Farrukhabad) में आगामी चैत्र नवरात्र को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने और लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर पूरे जनपद में विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है, जिससे बाजार में बिकने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर नजर रखी जा सके।

आवास विकास क्षेत्र में कार्रवाई

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले लोहिया नगर, आवास विकास क्षेत्र में छापेमारी की। यहां एक खाद्य प्रतिष्ठान पर जांच के दौरान व्रत में उपयोग होने वाले प्रमुख खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। विशेष रूप से सिंघाड़ा आटा और सेंधा नमक के सैंपल को सील कर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया, ताकि उनकी शुद्धता की पुष्टि की जा सके।

Also Read: लखनऊ के 7 मॉल्स पर FSDA की बड़ी छापेमारी, लुलु हाईपर मार्केट समेत दो आउटलेट सील

प्रयोगशाला जांच पर रहेगा फोकस

अधिकारियों का कहना है कि लिए गए नमूनों की गहन जांच कराई जाएगी। यदि इनमें किसी प्रकार की मिलावट पाई जाती है, तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं को पूरी तरह शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो।

मंदिर क्षेत्रों में निरीक्षण और चेतावनी

छापेमारी अभियान के तहत टीम ने शहर के प्रमुख मंदिरों के आसपास स्थित दुकानों का भी निरीक्षण किया। कुल 21 दुकानों की जांच के दौरान साफ-सफाई और गुणवत्ता मानकों की अनदेखी पाए जाने पर एक दुकानदार को सुधार नोटिस जारी करने की सिफारिश की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Input- Abhishek Gupta (Reporter) 

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)