काली टोपी वाले असली नोटों के ‘धुएंधर’ हैं… प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के लाल टोपी वाले बयान पर अखिलेश यादव का पलटवार

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में नकली नोटों (Fake Currency) के गिरोह के खुलासे के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस मुद्दे पर बीजेपी (BJP) और समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के बीच तीखी बयानबाजी जारी है। बीजेपी की ओर से आरोप लगाए जाने के बाद सपा ने भी पलटवार करते हुए मामले को राजनीतिक रंग दे दिया है, जिससे दोनों दलों के बीच जुबानी जंग और तेज हो गई है।

बीजेपी का हमला

बीजेपी (BJP) प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी (Pankaj Chowdhary) ने इस मामले में सपा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि नकली नोट गिरोह के मुख्य आरोपी का संबंध समाजवादी पार्टी से है। उन्होंने ‘लाल टोपी’ का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि यह घटना सपा के चाल, चरित्र और चेहरे को उजागर करती है। साथ ही उन्होंने ऐसे लोगों को राष्ट्रविरोधी करार दिया जो देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने में लगे हैं।

Also Read: ‘ये अमृतकाल नहीं, सनातनियों का संकटकाल है…बोले सपा प्रमुख अखिलेश यादव

अखिलेश यादव का एक्स पोस्ट

वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी के आरोपों का जवाब देते हुए ‘काली टोपी’ का संदर्भ उठाया, जिसे आरएसएस (RSS) से जोड़कर देखा जाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ‘काली टोपी वाले असली नोटों के धुरंधर हैं।’ अखिलेश ने दावा किया कि अगर बीजेपी नेताओं को संदेह है, तो वे संबंधित लोगों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकलवाकर सच्चाई सामने ला सकते हैं।

अखिलेश यादव ने अपने एक्स पोस्ट में कई सवाल भी उठाए, जिनमें सत्ता और पद की तुलना को लेकर कटाक्ष किया गया। उन्होंने ‘5 बड़ा या 7’, ‘विधायक बड़ा या सांसद’ जैसे सवालों के जरिए बीजेपी पर अंदरूनी खींचतान का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने दिल्ली और लखनऊ के बीच शक्ति संतुलन पर भी सवाल उठाकर राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की।

बढ़ती बयानबाज़ी से गरमाया सियासी माहौल

नकली नोटों के इस मामले ने कानून-व्यवस्था से आगे बढ़कर अब राजनीतिक रूप ले लिया है। दोनों दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं, जिससे प्रदेश की राजनीति में तनाव बढ़ता दिख रहा है। आने वाले समय में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है, खासकर जब दोनों पक्ष अपने-अपने दावों को साबित करने की कोशिश करेंगे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)