‘ नक़ली शेर के साथ मुस्कान, असली देखें तो हो जाएं धड़ाम…’, सीएम योगी की शेर वाली फोटो पर अखिलेश यादव का तंज

UP: मुख्यमंत्री योगी (CM Yogi) ने गुरुवार को गोरखपुर में 1055 करोड़ रुपये की लागत वाली 497 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में राप्ती नदी के एकला बंधे पर तैयार किया गया ईको पार्क और नौसढ़-मलौनी फोरलेन सड़क प्रमुख हैं। ईको पार्क का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने वहां कचरे (लिगेसी वेस्ट) से बनाई गई कलाकृतियों की सराहना की। विशेष रूप से वेस्ट मटेरियल से बनी शेर की आकृति के साथ उन्होंने तस्वीर भी खिंचवाई।

अखिलेश यादव का तंज

समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कटाक्ष किया। उन्होंने लिखा कि ‘नक़ली शेर’ के साथ मुस्कान असली देखें तो हो जाएं धड़ाम लगता है कोरोना काल का शेर है, तभी ‘बाल-अयाल’ इतने लंबे हैं। शेर बनाना ही था तो क़ायदे का बनाते और इसके लिए सपाकाल में बनी इटावा की लायन सफ़ारी ही देख आते।

Also Read: गोरखपुर: इको पार्क में सीएम योगी ने दिए पोज, सांसद रविकिशन बने कैमरामैन

रवि किशन के बयान पर मुख्यमंत्री की टिप्पणी

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गोरखपुर से सांसद रवि किशन (Ravi Kishan) के हालिया बयान पर हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि लोग उनके भाषण तो सुनते हैं, लेकिन क्या उनके बताए आचरण को अपनाते भी हैं या नहीं।दरअसल, संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के दौरान रवि किशन ने कहा था कि उन्हें मिलने वाले लाखों वोटों में उनकी पत्नी का भी बड़ा योगदान है और वह उनके पैर छूते हैं। इस पर सदन में मौजूद जगदंबिका पाल ने भी मजाकिया टिप्पणी की थी।

कचरे में हीरा खोजने की क्षमता – रवि किशन

कार्यक्रम में रवि किशन ने मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि उनका विजन अनोखा है और वे कचरे में भी संभावनाएं खोज लेते हैं। उन्होंने कहा कि एकला बांध, जो पहले गंदगी से भरा था, अब रोजगार और फिल्म शूटिंग का केंद्र बन सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गोरखपुर ने बीमारी की पहचान से निकलकर विकास की दिशा में नई पहचान बनाई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)