बलिया के युवाओं को मिला स्वरोजगार का ‘लॉन्चपैड’ सीएम युवा कार्यशाला में उमड़ा हुजूम, यूपी में नंबर-1 बनने की तैयारी

बलिया: जनपद बलिया के विकास भवन सभागार में उद्यमी लॉन्चपैड के अंतर्गत सीएम युवा क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कार्यशाला का आयोजन दो पालियों में किया गया, जिसमें 300 से अधिक प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। प्रथम पाली में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) तथा एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओसी) योजनाओं के संबंध में प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी दी गई।

अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए युवाओं को अपना उद्योग स्थापित कर स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला की द्वितीय पाली में विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयकों एवं शाखा प्रबंधकों को योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली कठिनाइयों तथा उनके समाधान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही अधिकारियों को सीएम युवा पोर्टल की कार्यप्रणाली एवं उपयोग के बारे में भी अवगत कराया गया।

Also Read: UP: स्वरोजगार संगम में CM योगी ने बढ़ाया युवाओं को हौसला, 31502 MSME यूनिट्स को दिया 2505 करोड़ का लोन

मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार ने प्रतिभागियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से ऋण प्राप्त कर गुणवत्तापूर्ण एवं सफल उद्योग स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़कर न केवल अपने लिए बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं, जिससे जनपद के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। उपायुक्त उद्योग अधिकारी रोशन अम्बेडकर ने विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए लाभार्थियों से कहा कि ऋण प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, बलिया से संपर्क कर समस्या का समाधान कराया जा सकता है।

उन्होंने बैंक अधिकारियों को बताया कि सीएम युवा योजना के क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश में बलिया जनपद वर्तमान में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र युवाओं को ऋण उपलब्ध कराकर जनपद को प्रदेश में प्रथम स्थान पर लाने का आह्वान किया। कार्यशाला के दौरान युवाओं एवं बैंक अधिकारियों के बीच योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संवाद भी हुआ।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)