पश्चिम बंगाल में चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में कोलकाता पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो बिहार के बक्सर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि तीसरा आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया का रहने वाला है। हालांकि, वह वर्तमान में बक्सर में रह रहा था।
अयोध्या से पकड़ा गया मुख्य आरोपी
सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों में शामिल राज सिंह को उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले से गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि वह लखनऊ की ओर से लखनऊ-गोरखपुर हाईवे के रास्ते आ रहा था। सुरक्षा एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर कोलकाता पुलिस ने नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। फिलहाल स्थानीय पुलिस इस गिरफ्तारी को लेकर खुलकर कुछ भी कहने से बच रही है।
तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड के बाद से कोलकाता पुलिस लगातार कई राज्यों में छापेमारी कर रही थी। जांच एजेंसियां मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रैकिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए आरोपियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थीं। इन्हीं तकनीकी इनपुट्स के आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंचने में सफल रही।
पुलिस अधिकारियों ने साधी चुप्पी
मामले को लेकर अयोध्या पुलिस फिलहाल सतर्क रुख अपनाए हुए है। पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि त्रिपाठी ने कहा कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और संबंधित एजेंसियों से संपर्क किया जा रहा है। हालांकि, अभी तक गिरफ्तारी से जुड़े ठोस सबूतों या आरोपियों की भूमिका को लेकर आधिकारिक रूप से ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है।
आज हो सकती है प्रेस वार्ता
सूत्रों की मानें तो कोलकाता पुलिस इस पूरे मामले का खुलासा करने के लिए आज दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकती है। माना जा रहा है कि प्रेस वार्ता में हत्या के पीछे की वजह, आरोपियों की भूमिका और जांच से जुड़े कई अहम पहलुओं का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल इस गिरफ्तारी के बाद मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज कर दी है।












































