गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी (CM Yogi) शनिवार 16 मई को गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे। गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग स्थित ताल नदोर में बनने वाला यह स्टेडियम पूर्वांचल के खेल ढांचे को नई पहचान देगा। करीब 392.94 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले इस प्रोजेक्ट के लिए पहली किश्त के रूप में 63.39 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं और प्रारंभिक निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है।
पूर्वांचल में खेल सुविधाओं का नया अध्याय
गोरखपुर में बनने वाला यह स्टेडियम मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश में इससे पहले कानपुर और लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम मौजूद हैं, जबकि वाराणसी में भी निर्माण कार्य चल रहा है। अब गोरखपुर प्रदेश का चौथा शहर होगा जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम तैयार किया जाएगा। जिला प्रशासन ने अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पर्याप्त भूमि उपलब्ध कराने के लिए ताल नदोर क्षेत्र को चिन्हित किया था।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा स्टेडियम
करीब 46 एकड़ क्षेत्र में बनने वाले इस स्टेडियम में लगभग 30 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। ‘ग्राउंड प्लस टू फ्लोर’ डिजाइन पर आधारित इस परिसर में खिलाड़ियों के लिए सात मुख्य पिच और चार प्रैक्टिस पिच तैयार की जाएंगी। पूर्वी और पश्चिमी स्टैंड में लगभग 14,490 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा मीडिया के लिए नॉर्थ पैवेलियन और विशिष्ट अतिथियों के लिए साउथ पैवेलियन बनाया जाएगा। रात्रिकालीन मुकाबलों के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप चार हाई मास्ट लाइट भी लगाई जाएंगी।
खेल के साथ व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा
यह स्टेडियम केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यहां अन्य बड़े आयोजन भी कराए जा सकेंगे। जिला प्रशासन का मानना है कि इस परियोजना से गोरखपुर-वाराणसी मार्ग पर बहुआयामी विकास को गति मिलेगी। क्षेत्र में पहले से पशु चिकित्सा महाविद्यालय और वृहद कान्हा गोशाला जैसी परियोजनाएं विकसित हो रही हैं, जिससे व्यापार, सेवा क्षेत्र और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
बेहतर कनेक्टिविटी से खिलाड़ियों और दर्शकों को सुविधा
ताल नदोर स्थित यह स्टेडियम कनेक्टिविटी के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह स्थान गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन मार्ग से जुड़ा हुआ है। स्टेडियम गोरखपुर एयरपोर्ट से लगभग 24 किलोमीटर और रेलवे स्टेशन से करीब 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित होगा। आसान पहुंच और आधुनिक सुविधाओं के कारण भविष्य में गोरखपुर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का प्रमुख केंद्र बन सकता है।














































