मथुरा : चौमुहाँ क्षेत्र में निर्माणाधीन भवन को लेकर विकास प्राधिकरण के जेई सुनील राजौ रिया पर मनमानी कार्रवाई का आरोप लगाते हुए एक पीड़ित ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना और जांच के उसके निर्माणाधीन मकान को सील कर दिया गया, जिससे परिवार को भारी मानसिक व आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित नितिन गर्ग ने बताया कि उसके द्वारा एमवीडीए से स्वीकृत मानचित्र संख्या MVDA/BP/25-26/0838 के तहत निर्माण कार्य कराया जा रहा था। भवन का कुल क्षेत्रफल 100 वर्ग मीटर से कम बताया गया है। आरोप है कि इसी दौरान एमवीडीए के जेई मौके पर पहुंचे और रिवाइज मानचित्र मांगते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया।
Also Read: फिर दिल्ली हुई शर्मशार! स्लीपर बस में महिला के साथ दुष्कर्म, ड्राइवर‑कंडक्टर गिरफ्तार
पीड़ित का कहना है कि उसके द्वारा कोई अवैध निर्माण नहीं किया जा रहा था,इसके बावजूद बिना किसी ठोस सूचना और जांच के भवन को सील कर दिया गया। बाद में संपर्क करने पर अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने बताया कि मानचित्र पास होने के बावजूद उसने निर्माण कार्य शुरू भी नहीं किया था, फिर भी कार्रवाई कर दी गई।
मामले को लेकर उसने 15 मई 2026 को मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है, जिसकी शिकायत संख्या 40014526015929 बताई गई है। अब पीड़ित ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा न्याय दिलाने की मांग की है।









































